अब क्या होगी किसानों की रणनीति, खनौरी और शंभू सीमा हुई खाली

जालंधर। एक साल से शंभू और खनौरी सीमाओं पर जमे किसानों को पंजाब पुलिस ने हटा दिया है। पूरी योजना के साथ पंजाब पुलिस ने बुधवार को शंभू और खनौरी सीमाओं पर विरोध स्थलों को खाली करा दिया और बैरिकेड्स, वाहनों और अस्थायी ढांचों को हटा दिया। इसके साथ ही माना जा रहा है आज से राजमार्ग भी खुल जाएगा। अब किसानों की आगे की रणनीति क्या होगा यह देखना होगा। क्योंकि किसान नेता गुरमनीत सिंह मंगत ने मीडिया को बताया कि सरवण सिंह पंधेर और जगजीत सिंह दल्लेवाल सहित कई किसान नेताओं को मोहाली में उस समय हिरासत में लिया गया है और किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को बुधवार देर रात डेढ़ बजे जालंधर के पिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले 13 माह से धरने पर बैठे किसानों को पंजाब की भगवंत मान सरकार ने बड़े सुनियोजित ढंग से हटाते हुए दोनों मोर्चों पर बुलडोजर चलवा दिया। मान सरकार ने केंद्रीय मंत्रियों के साथ किसानों की बैठक के अवसर को ‘मोर्चा हटाओ अभियान’ के लिए चुना। बुधवार को दिन में केंद्रीय मंत्रियों के साथ संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) की चंडीगढ़ में सातवें दौर की बैठक बेनतीजा रहने के बाद पुलिस ने पिछले चार महीनों से अनशन कर रहे जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान नेता सरवण सिंह पंधेर को हिरासत में लिया।