दिल्लीराजनीति

जेपी नड्डा का AAP पर तीखा प्रहार: कहा, 10 साल में भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़े, 5 फरवरी को जनता करेगी फैसला

दिल्ली! भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने गुरुवार (23 जनवरी) को पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला। नड्डा ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने दिल्ली में 10 साल के शासन में भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

घोटालों पर नड्डा का जोरदार वार
जेपी नड्डा ने आप सरकार पर एक के बाद एक घोटालों का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में आबकारी नीति घोटाले के कारण पार्टी के कई नेता जेल गए हैं। उन्होंने वक्फ बोर्ड घोटाले का भी उल्लेख किया और इसे 100 करोड़ रुपये का बताया। नड्डा ने कहा कि आप ने न केवल आम जनता बल्कि अल्पसंख्यकों के अधिकारों का भी शोषण किया।

‘‘झूठ बोलने में नंबर 1’’ – नड्डा का केजरीवाल पर तंज
अरविंद केजरीवाल पर तीखा प्रहार करते हुए नड्डा ने उन्हें ‘‘झूठ बोलने का मास्टर’’ बताया और कहा कि अगर झूठ बोलने की राष्ट्रीय प्रतियोगिता हो, तो केजरीवाल हमेशा पहले स्थान पर आएंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे 5 फरवरी को होने वाले चुनाव में आप को जवाब दें।

बस, सीसीटीवी और शिक्षा घोटाले का आरोप
नड्डा ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने 4,500 करोड़ रुपये का बस घोटाला और 571 करोड़ रुपये का सीसीटीवी घोटाला किया। उन्होंने यमुना सफाई परियोजना में 7,000-8,000 करोड़ रुपये के घोटाले और क्लासरूम निर्माण में 1,300 करोड़ रुपये के गबन का भी जिक्र किया।

दिल्ली का भविष्य दांव पर: नड्डा की अपील
नड्डा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव केवल एक मतदान नहीं है, बल्कि यह दिल्ली के भविष्य को तय करने का मौका है। उन्होंने शकूर बस्ती में भी एक सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि आप के कई नेताओं को भ्रष्टाचार के कारण जेल जाना पड़ा। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि 5 फरवरी को मतदान करके भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना जवाब दें।

दिल्ली में विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होंगे और मतगणना 8 फरवरी को होगी। नड्डा ने भरोसा जताया कि जनता भाजपा को अपना समर्थन देगी और आप सरकार को सत्ता से बाहर करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button