वैशाली में हाईमास्ट लाइट का उद्घाटन, नेस्कॉट लाइन के लोगों को अंधेरे से मिली राहत

गाजियाबाद। वैशाली सेक्टर-एक स्थित नेस्कॉट लाइन में लंबे समय से बनी अंधेरे की समस्या का समाधान हो गया है। क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल ने रविवार देर रात को यहां हाईमास्ट लाइट का उद्घाटन किया। हाईमास्ट लाइट लगने के बाद स्थानीय लोगों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन कार्यक्रम में समाजसेवी केएल शर्मा और जुगेश जी ने नारियल फोड़कर विकास कार्य का शुभारंभ किया। नेस्कॉट लाइन में शाम ढलने के बाद पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अंधेरे के कारण पैदल चलने वाले लोगों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से दिक्कत होती थी। क्षेत्रवासियों ने कई बार इस समस्या को पार्षद के सामने उठाया था। लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए पार्षद ने नगर निगम अधिकारियों से संपर्क कर हाईमास्ट लाइट लगवाने की प्रक्रिया शुरू कराई। उद्घाटन के दौरान पार्षद कुसुम गोयल ने कहा कि जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व क्षेत्रवासियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना है। नेस्कॉट लाइन में लंबे समय से अंधेरा रहने की शिकायत मिल रही थी। लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां हाईमास्ट लाइट लगवाई गई है। इससे रात के समय पूरे क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी रहेगी और लोगों को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि वार्ड में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और हरियाली से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को लगातार नगर निगम के अधिकारियों के सामने रखा जा रहा है, ताकि उनका समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जा सके। पार्षद ने भरोसा दिलाया कि वार्ड में विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान पार्षद कुसुम गोयल ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज का मार्गदर्शन करने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके अनुभव और सुझावों से क्षेत्र के विकास की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सकता है। वरिष्ठ नागरिकों ने हाईमास्ट लाइट लगने पर खुशी जताते हुए पार्षद का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले रात के समय नेस्कॉट लाइन में अंधेरा छाया रहता था। कई स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को असुरक्षा का एहसास होता था। हाईमास्ट लाइट लगने से अब क्षेत्र में रोशनी बढ़ेगी और लोगों को राहत मिलेगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि लाइट का नियमित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाएगा। पार्षद ने बताया कि कुछ दिन पहले नाले के किनारे स्थित ग्रीन बेल्ट में घास और पेड़-पौधे भी लगाए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र को हरा-भरा और स्वच्छ बनाना है। उन्होंने कहा कि हरियाली बढऩे से वातावरण बेहतर होगा और ग्रीन बेल्ट का सौंदर्य भी बढ़ेगा। पौधों की देखभाल के लिए स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की गई। कुसुम गोयल ने हाईमास्ट लाइट और ग्रीन बेल्ट के विकास कार्यों के लिए महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सहयोग से वार्ड में कई विकास कार्य कराए जा रहे हैं। भविष्य में भी क्षेत्र की जरूरत के अनुसार नए कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटिहार, गौरव अग्रवाल, कमल, संजू, राजीव पांडे, कृष्ण अवतार पाराशर, यतेश शर्मा, भोला सिंह, सुभाष जैन, सौरभ, सरदार संदीप सिंह, धर्मेंद्र, शिव शंकर उपाध्याय, बिजी सिंह, प्रहलाद सिंह, वार्ड महामंत्री विनोद कुमार, अमन माथुर, डीके गुप्ता सहित क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।

