शहर-राज्य

18 महीने से बदलता रहा ठिकाने, मेले में लगाता रहा दुकान; 25 हजार का इनामी आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ा

सुभाषनगर में सोनू हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निशानदेही पर चाकू बरामद किया

बरेली। सुभाषनगर इलाके में करीब डेढ़ साल पहले हुए सोनू उर्फ विकास हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सोनू कश्यप उर्फ फुन्नु उर्फ मुन्नु को सुभाषनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और दूसरे राज्यों में लगने वाले मेलों में दुकान लगाकर अपना खर्च चला रहा था।

पुलिस के मुताबिक 28 फरवरी 2025 को गौतम बुद्ध पब्लिक स्कूल के पास सोनू उर्फ विकास और आरोपी पक्ष के बीच विवाद हुआ था। पूछताछ में फुन्नु ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। बातचीत के दौरान मामला बिगड़ने पर मारपीट हुई और आरोप है कि सोनू उर्फ विकास पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल सोनू की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। हमले में बीच-बचाव करने पहुंचे गौरव के घायल होने की बात भी पुलिस ने बताई।

चार आरोपी पहले ही जा चुके जेल

पुलिस ने इस मामले में देवेन्द्र कश्यप, मिथुन, भीमसेन उर्फ भीमा और प्रेम सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुख्य आरोपी बताए जा रहे फुन्नु की तलाश लगातार जारी थी। फरारी के चलते एसएसपी अनुराग आर्य ने 22 सितंबर 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

बहन से मिलने जा रहा था, रास्ते में पकड़ा गया

पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से परिवार से भी दूर था। वह दूसरे राज्यों में मेलों में दुकान लगाकर रह रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि वह बहन से मिलने मिर्जापुर और विशारतगंज की ओर जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने रामगंगा तिराहे के पास घेराबंदी कर उसे शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पकड़ लिया।

पुरानी रंजिश भी बताई वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश का भी जिक्र किया। उसके मुताबिक सोनू उर्फ विकास का उसके भाई संजय से विवाद और मारपीट हुई थी। आरोपी ने अपनी मां के साथ मारपीट किए जाने की बात भी पुलिस को बताई। पुलिस के अनुसार इन्हीं विवादों को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव था। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button