दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट मुकदमा दर्ज

स्याना.खानपुर क्षेत्र के जारिया आलमपुर गांव में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। गांव निवासी दिव्या (परिवर्तित नाम) ने अपने पति और सास पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2016 में हुई थी। विवाह के समय उसके परिजनों ने करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे तथा 50 गज का एक प्लॉट भी दहेज में दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा समय-समय पर और दहेज की मांग की जाती रही। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था।
महिला का आरोप है कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। विरोध करने पर उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसकी बहन उसके घर आई, तो उसके साथ भी अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई।
महिला ने सास पर गला दबाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
थाना प्रभारी रितेश ने बताया। कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



