ग़ाज़ियाबाद

एनएच-09 पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, डीसीपी धवल जायसवाल ने संभाली कमान-यातायात संचालन को सुचारू रखने पर विशेष जोर, अलर्ट मोड पर पुलिस

गाजियाबाद। नोएडा में मजदूरों के वेतन वृद्धि को लेकर चल रहे आंदोलन के कल हुए हिंसक उपद्रव और आज के तनावपूर्ण हालात को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। सोमवार को नोएडा के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में हजारों मजदूरों के प्रदर्शन हिंसक रूप ले चुके थे, जहां पत्थरबाजी, वाहनों में आगजनी और तोडफ़ोड़ की घटनाएं हुईं। मंगलवार को भी फेज-2, सेक्टर-121 समेत कुछ इलाकों में छिटपुट हिंसा की सूचना मिली। इस स्थिति को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने संभावित खतरे को रोकने के लिए सुरक्षा टाइट कर दी है। एनएच-9 (नोएडा-गाजियाबाद मार्ग) पर गाजियाबाद की ओर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस की टीमों ने उपद्रवियों और प्रदर्शनकारियों को गाजियाबाद की सीमा में घुसने से रोकने के लिए चेक-पोस्ट और बैरिकेडिंग कर रखी है। नोएडा से गाजियाबाद की तरफ आने की अनुमति कम ही दी जा रही है। शहर में शान्ति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त नगर/मुख्यालय धवल जायसवाल ने सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव एवं पुलिस बल के साथ एनएच-09 स्थित सेक्टर-62 कट, थाना इंदिरापुरम क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यातायात के दबाव, संभावित संवेदनशील बिंदुओं तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। डीसीपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण एनएच-09 पर यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है, ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में सतत गश्त सुनिश्चित की जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही ट्रैफिक पुलिस एवं स्थानीय थाना पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर यातायात संचालन को निर्बाध बनाए रखने पर जोर दिया गया। डीसीपी ने कहा कि पीक ऑवर्स के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर जाम की समस्या को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जाए। भ्रमण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने सड़क किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण तथा यातायात बाधित करने वाले कारणों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग को पूरी तरह सुचारू रखा जाए। इसके अतिरिक्त दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने के भी निर्देश दिए गए। डीसीपी धवल जायसवाल ने पुलिस कर्मियों को सतर्क एवं संवेदनशील रहते हुए जनता के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने की भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है, इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से करे। निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सहित थाना पुलिस एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत करने का भरोसा दिलाया। पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के नियमित निरीक्षणों को शहर में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इससे यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। पुलिस विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में भी शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में इसी प्रकार अभियान चलाकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button