संजय मेमोरियल वूमेंस कॉलेज में विदाई समारोह का आयोजन

संदीप तिवारी
*वाराणसी मिर्जामुराद।* “निकले गुलशन से तो गुलशन को बहुत याद किया, धूप को, छांव को, आंगन को बहुत याद किया…”—इन्हीं भावनाओं के साथ संजय मेमोरियल वूमेंस कॉलेज, केराकतपुर में आयोजित विदाई समारोह भावुक माहौल में सम्पन्न हुआ। सीनियर छात्राओं के चेहरे पर जहां विदाई की उदासी झलक रही थी, वहीं भविष्य के सपनों की चमक भी साफ दिखाई दे रही थी।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीआईजी वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. के. के. सिंह (चीफ प्रॉक्टर, काशी विद्यापीठ) द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्ति एवं उत्साह से भर दिया।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में छात्राओं को अनुशासन एवं समर्पण के साथ शिक्षा ग्रहण कर समाज और देश के हित में कार्य करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में छात्राओं ने नृत्य, रैंप वॉक, भाषण तथा कॉमेडी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।जूनियर छात्राओं ने सीनियर छात्राओं के साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान भावुक क्षण भी देखने को मिले और कई छात्राओं की आंखें नम हो गईं। समारोह में कला एवं विज्ञान वर्ग की अंतिम वर्ष की छात्राओं को विदाई दी गई तथा दोनों वर्गों से ‘मिस फेयरवेल’ का चयन भी किया गया।सीनियर छात्राओं ने अपने गुरुजनों के आदर्शों पर चलने और उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। चेयरमैन शशिकांत सिंह ने कहा कि बेटियां परिवार और संस्थान का गौरव होती हैं तथा सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।कार्यक्रम में प्रबंधक अभिषेक सिंह, डायरेक्टर डॉ. आई.पी. पांडेय, प्राचार्य डॉ. विष्णु प्रकाश, डॉ. सुनीता दीक्षित, डॉ. अतुल सिंह, राजेंद्र कुमार, डॉ. निलेश सिंह, डॉ. अमित श्रीवास्तव, डॉ. संजू द्विवेदी, डॉ. प्रशांत सिंह, जे.पी. मौर्य सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का संचालन निकिता शुक्ला एवं पायल सोनकर ने संयुक्त रूप से किया।



