ग़ाज़ियाबाद

जनगणना ड्यूटी को लेकर शिक्षकों ने सिटी मजिस्ट्रेट से की मुलाकात, जिलाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन

गाजियाबाद। जनगणना कार्य में परिषदीय शिक्षकों की बड़े स्तर पर लगाई जा रही ड्यूटी को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्य क्षेत्र अथवा निवास स्थान के निकट लगाई जाए, जिससे शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों। संघ के महासचिव डॉ. अनुज त्यागी ने बताया कि वर्तमान में शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्यस्थल से काफी दूर क्षेत्रों में लगाई जा रही है। उदाहरण स्वरूप भोजपुर एवं मुरादनगर में कार्यरत शिक्षकों को खोड़ा और लोनी क्षेत्र में तथा लोनी ब्लॉक के शिक्षकों को नगर क्षेत्र, मोदीनगर और मुरादनगर में तैनात किया गया है। इससे शिक्षकों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है और विद्यालयों की नियमित शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। शिक्षक प्रतिनिधियों ने बताया कि पूर्व में एसआईआर कार्य के दौरान भी शिक्षकों की ड्यूटी दूरस्थ क्षेत्रों में लगाए जाने से विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रभावित हुआ था और व्यवस्था चरमरा गई थी। उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और शिक्षक भी पूर्ण मनोयोग से जनगणना कार्य नहीं कर पाएंगे। शिक्षक प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने सकारात्मक रुख अपनाया और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदेश मित्तल, ब्लॉक अध्यक्ष मुरादनगर अमित यादव, ब्लॉक अध्यक्ष लोनी मनोज डागर तथा पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दर्शन बंसल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button