दिल्ली में जमुई के जिलाधिकारी को ‘बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड

नई दिल्ली: दिनांक 25.01.2026 को निर्वाचन विभाग ने जमुई के जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी, श्री नवीन को “बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड 2025” से सम्मानित किया है। सम्मान समारोह में जिलाधिकारी श्री नवीन को प्रशस्ति पत्र एवं चेक देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया के सफल, निष्पक्ष और नवाचारी संचालन के लिए दिया गया है।
जमुई जिलाधिकारी श्री नवीन सहित राज्य के कुल 10 जिलाधिकारियों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।
यह सम्मान 25 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पटना स्थित अधिवेशन भवन, सिंचाई भवन परिसर में आयोजित 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में प्रदान किया गया । बिहार सरकार के निर्वाचन विभाग की तरफ से दिया जाने वाला यह पुरस्कार राज्य स्तर पर केवल 10 कलेक्टरों को ही दिया जाता है, जो इसे और भी विशिष्ट बनाता है।
सम्मानित होने वाले अन्य अधिकारियों में भागलपुर के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी, सुपौल के सावन कुमार, भोजपुर के तनय सुल्तानिया, सीतामढ़ी के रिची पांडेय, नालंदा के कुंदन कुमार, मुजफ्फरपुर के सुब्रत सेन, गया के शशांक कुमार और जमुई के नवीन कुमार शामिल हैं। वहीं, पूर्व डीएम अररिया अनिल कुमार वर्तमान में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक हैं, जबकि पूर्व डीएम कटिहार मनेश कुमार मीणा खान विभाग के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।
जिलाधिकारी श्री नवीन को यह सम्मान चुनावों में आईटी आधारित पहल, सुरक्षा एवं चुनाव प्रबंधन, सुलभ एवं समावेशी चुनाव, मतदाता सूची शुद्धिकरण, मतदाता जागरूकता अभियान और लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया जा रहा है। उनके नेतृत्व में जमुई जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया का सफल संचालन हुआ।



