शहर-राज्य

डी एम की उपस्स्थिति मे स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना 

विजय द्विवेदी वेलकम इन्डिया

दिनांक 22 अक्टूबर 2026 प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ में दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए जीआईसी प्रतापगढ़ से 29 पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। जिले में शुक्रवार को मतदान होगा। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में स्नातक निर्वाचन के लिए 24261 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 7267 मतदाता पंजीकृत हैं। इस तरह दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 31528 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 29 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन के लिए 19 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदान शुक्रवार प्रातः 8 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक होगा।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने जीआईसी प्रतापगढ़ में बने पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित निर्वाचन नियमों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित करें। सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर समय से पहुंचकर मतदान से संबंधित व्यवस्थाओं का भली-भांति निरीक्षण कर लें। निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता, आवश्यक अभिलेखों तथा अन्य व्यवस्थाओं को पहले से सुनिश्चित कर लिया जाए। मतदान के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) प्रेमचंद मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार तिवारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button