पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में सुनी फरियादियों की समस्याएं, त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

संतकबीरनगर।
बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया । जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनकर संबंधित प्रकरणों की जानकारी ली गई तथा शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए निर्धारित समयावधि में निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए । साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्यवाही से अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए, जिससे जनसुनवाई की प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बन सके । उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें न्याय एवं सुरक्षा का भरोसा दिलाना तथा पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत करना है। जनपद पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान, उनकी सुरक्षा एवं बेहतर पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


