शहर-राज्य

डीएम के औचक निरीक्षण में कई डॉक्टर-कर्मचारी मिले अनुपस्थित

अनुपस्थित कर्मियों को नोटिस, अव्यवस्थित अभिलेख और गंदगी पर जताई नाराजगी

बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने का दिया निर्देश

संतकबीरनगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई चिकित्सक एवं कर्मचारी समय से उपस्थित नहीं मिले। इस पर डीएम ने संबंधित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। 

     जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा सभी चिकित्सकों और चिकित्सकीय कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही या अनधिकृत अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों एवं पत्रावलियों का रख-रखाव भी व्यवस्थित नहीं मिला। इस पर डीएम ने संबंधित पटल सहायकों को सभी अभिलेखों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए नियमित सफाई और आवश्यक छिड़काव कराने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सभी आवश्यक दवाएं मरीजों को अस्पताल से ही मिलनी चाहिए। किसी मरीज को बाहर से दवा लिखे जाने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ड्यूटी शुरू और समाप्त होने के समय बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में चिकित्सकों और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी भी ली। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं चिकित्सकों को निर्देश दिया कि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। दूर-दराज से आने वाले मरीजों और तीमारदारों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया सहित चिकित्सक, अस्पताल कर्मचारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button