श्रीहित राधावल्लभ सेवा ट्रस्ट ने कमई में लगाया स्वास्थ्य शिविर

ममथुरा/बरसाना। “ब्रजवासियों की सेवा ही प्रभु सेवा है” – इसी भाव से प्रेरित होकर श्रीहित राधावल्लभ सेवा ट्रस्ट की ओर से ब्रज क्षेत्र में निरंतर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में राधावल्लभ मंदिर के सेवायत आचार्य सुकृतलाल गोस्वामी महाराज के नेतृत्व में विशाखा सखी के गांव कामई में 26वें ‘श्रीहित आरोग्य शिविर’ का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में गांव के कोने-कोने से व आसपास के क्षेत्र से पहुंचे बड़ी संख्या में साधु-संतों और स्थानीय ब्रजवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।शिविर में पहुंची स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम ने मरीजों के स्वास्थ्य का बारीकी से परीक्षण किया और उन्हें परामर्श दिया। इसके साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
आचार्य सुकृतलाल गोस्वामी महाराज ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा हर माह ब्रज क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगाए जाते हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल में रह रहे ब्रजवासियों और संतों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। स्थानीय लोगों ने ट्रस्ट के इस सेवा कार्य की भूरी-भरी प्रशंसा भी की। शिविर में चिकित्सक और मेडिकल टीम के सदस्य डॉ. शिल्पा, डॉ. सूर्या, डॉ. राहुल, डॉ. प्रियंका, डॉ. नेहा, डॉ. ऋषभ, रोहित कश्यप, गुंजन, अभय, आशु, रंजना, हर्ष आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।


