डीएमई पर पलटा मछलियों से भरा ट्रक, सड़क पर बिखरी सैकड़ों मछलियां

गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को मछलियों से भरा एक ट्रक टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक के पीछे चल रही कार भी उससे टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हादसे के बाद ट्रक में लदी सैकड़ों मछलियां सड़क पर बिखर गईं, जिसे देखकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों की रफ्तार थम गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मछलियों से भरा ट्रक डीएमई पर सामान्य गति से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसी दौरान पीछे से आ रही कार ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद कार भी क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को चोटें आईं। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। ट्रक पलटने के बाद उसमें रखे सफेद रंग के डिब्बे सड़क पर गिर गए। इन डिब्बों में भरी सैकड़ों मछलियां भी एक्सप्रेसवे पर फैल गईं। सड़क पर मछलियों के फडफ़ड़ाने का दृश्य देखकर राहगीरों और वाहन चालकों की निगाहें घटनास्थल पर टिक गईं। हादसे की वजह से एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति धीमी हो गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। मछलियों के सड़क पर बिखरने की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के लोग भी पहुंचने लगे। कुछ लोगों ने मछलियों को उठाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को रोक दिया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल के आसपास भीड़ को नियंत्रित करते हुए यातायात को सुचारु कराने का प्रयास किया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। एक साथ दो वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल यातायात व्यवस्था संभाली और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक तथा कार को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के दौरान एक्सप्रेसवे पर मौजूद कुछ वाहन चालकों ने सड़क पर बिखरी मछलियों के फोटो और वीडियो भी बनाए। दुर्घटना से संबंधित फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुए। इनमें सड़क पर पलटा ट्रक और आसपास बिखरी मछलियां दिखाई दे रही थीं। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाए जाने के बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक का टायर फटना हादसे की वजह सामने आया है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। हादसे के कारण कुछ समय तक डीएमई पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि पुलिस की सक्रियता से यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य कर दिया गया।


