ग़ाज़ियाबाद

मिठाई कारखाने में एक्सपायर सामान, चूहों की बीट और कॉकरोच मिले; फैक्टरी बंद 

गाजियाबाद। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को मोदीनगर और मुरादनगर क्षेत्र में डेयरी, मिठाई की दुकान और खाद्य कारखाने पर कार्रवाई की। जांच के दौरान एक कारखाने में एक्सपायर खाद्य पदार्थ, चूहों की बीट, कॉकरोच और कीड़े मिलने पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कारखाने को सुधार होने तक बंद करा दिया। साथ ही खाद्य पंजीकरण भी निलंबित कर दिया गया। तीन स्थानों पर हुई कार्रवाई में करीब एक क्विंटल डेयरी उत्पाद नष्ट कराया गया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरेश मिश्र ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मोदीनगर के सिखेड़ा रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित नाथजी स्वीट्स के कारखाने का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बड़ी संख्या में एक्सपायर खाद्य पदार्थ मिले। टीम ने पूरे परिसर की गहनता से जांच की तो कई स्थानों पर गंदगी मिली। भंडारगृह में चूहों की बीट पाई गई, जबकि डीप फ्रीजर में कॉकरोच और कीड़े मिले। खाद्य पदार्थों के रखरखाव की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से पनीर, बेसन, लड्डू, घी और अमोनियम बाई कार्बोनेट के पांच नमूने लिए। इसके साथ ही कारखाने को स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक बंद करा दिया गया। विभाग की ओर से संबंधित प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीकरण भी निलंबित किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण में स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य है। इसके बाद टीम ने मुरादनगर के जलालपुर रोड स्थित प्रणामजी डेयरी पर औचक जांच की। निरीक्षण के दौरान डेयरी बिना लाइसेंस संचालित होती मिली। परिसर में गंदगी के साथ दुर्गंध भी फैली हुई थी। टीम ने यहां से घी, खोया और दूध के तीन नमूने लिए। डेयरी संचालक का चालान करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। विभागीय टीम ने इसके बाद मोदीनगर कस्बा स्थित राजा स्वीट्स की जांच की। यहां से मिठाइयों के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान तीनों स्थानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था को परखा गया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरेश मिश्र ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने साफ किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब उत्पादों के इस्तेमाल और स्वच्छता मानकों की अनदेखी मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button