राजनगर एक्सटेंशन में तीन स्थानों पर अवैध निर्माण के खिलाफ हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई

गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) का अभियान लगातार जारी है। बुधवार को प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त कराए। गुलधर रैपिड रेल के पिलर नंबर-648 के सामने खसरा संख्या 87-88 में बनाए गए अनधिकृत वेयर हाउस और गोदाम समेत ग्राम नूरनगर व सिहानी क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों पर जीडीए का बुलडोजर चला। प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ता महेश गुप्ता द्वारा रैपिड रेल पिलर के सामने बनाए गए अनधिकृत वेयर हाउस/गोदाम के निर्माण को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा श्री हिमांशु त्यागी और श्री अजीत त्यागी द्वारा ग्राम नूरनगर, राजनगर एक्सटेंशन में किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। वहीं निर्माणकर्ता अमित त्यागी द्वारा खसरा संख्या-870, ग्राम नूरनगर, सिहानी, राजनगर एक्सटेंशन में किए गए अवैध निर्माण को भी टीम ने ध्वस्त कर दिया। जीडीए की टीम जब अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने पहुंची तो स्थानीय निर्माणकर्ताओं और निवासियों की ओर से कार्रवाई का विरोध किया गया। मौके पर स्थिति को देखते हुए प्राधिकरण पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और विरोध कर रहे लोगों को नियंत्रित किया। इसके बाद प्रवर्तन दस्ते ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए चिन्हित अवैध निर्माणों को ध्वस्त कराया। जीडीए की कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-1 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अनधिकृत निर्माण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा। जीडीए अधिकारियों के अनुसार आने वाले माह में भी चिन्हित अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। प्रवर्तन टीम द्वारा क्षेत्र में अवैध निर्माणों की निगरानी करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से राजनगर एक्सटेंशन और आसपास के क्षेत्रों में बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माणों पर रोक लगाने का संदेश गया है।


