एक सुर, एक स्वर में गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’, पूरनपुर में होगा भव्य सामूहिक गायन

25 सितंबर को एक साथ देशभर में एक करोड़ से अधिक लोग गाएंगे राष्ट्रगीत, ऐतिहासिक क्षण का बनेगा हिस्सा पूरनपुर,
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत।राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली की ओर से ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत आगामी 25 सितंबर को देशभर में एक करोड़ से अधिक लोगों द्वारा एक ही समय पर सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरनपुर में भी व्यापक तैयारियां की गई हैं।
कार्यक्रम के तहत पूरनपुर क्षेत्र में आरएसआरडी सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, निकट जसवंती राइस मिल सहित कई स्थानों पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।मुख्य कार्यक्रम 25 सितंबर 2026, शुक्रवार को आरएसआरडी सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे से होगी, जबकि सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन ठीक सुबह 11 बजे किया जाएगा। आयोजन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्र के नागरिक भी भाग लेंगे।
इसके अलावा लक्ष्य डिग्री कॉलेज पूरनपुर, माय बिस इंटरनेशनल स्कूल घुंघचिहाई और साई बैंक्वेट हॉल पूरनपुर में भी सामूहिक गायन का आयोजन प्रस्तावित है। विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग संयोजकों की जिम्मेदारी तय की गई है।आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ओमप्रकाश, विभाग संचालक, बरेली विभाग का मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जबकि मुख्य अतिथि विजय सिंह यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक पीलीभीत होंगे।



