नशे से दूर रहकर युवा बनें विकसित भारत की ताकतपुष्प कॉलेज में 200 युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। मेरा युवा भारत, पीलीभीत की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत पुष्प कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 युवाओं एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुष्प कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. अलका तोमर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि युवा स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ अपने साथियों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, पीलीभीत शिवम शर्मा ने युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। नशे से मुक्त और जागरूक युवा ही स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने अपने रचनात्मक स्लोगनों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ, जिम्मेदार और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।



