गणेश महोत्सव के पांचवें दिन भक्तिमय हुआ बाजार गंज

महाआरती, 56 भोग और भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
मुरादाबाद, 18 सितंबर। श्री गणेश महोत्सव समिति की ओर से गणपति चौक, बाजार गंज में आयोजित श्री गणेश महोत्सव के पांचवें दिन शुक्रवार को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। सुबह से ही गणपति दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और पूरा बाजार गंज भक्तिमय वातावरण में नजर आया।
महोत्सव के तहत प्रातः 8 बजे और सायं 8 बजे भगवान श्री गणेश जी की महाआरती का आयोजन किया गया। कोल्हापुर से पधारे पंडित जी ने विधि-विधान के साथ आरती संपन्न कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर आरती में भाग लिया और सुख-समृद्धि की कामना की।
महाआरती के बाद भगवान श्री गणेश को महाभोग अर्पित किया गया। लक्ष्मी ज्वैलर्स के स्वामी प्रशांत अग्रवाल की ओर से भगवान को 56 भोग का प्रसाद समर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
इसके बाद वैष्णवी कला मंच के कलाकारों ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गणेश वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद भजनों और मनमोहक झांकियों के माध्यम से भरत मिलाप, समुद्र मंथन, सीता स्वयंवर, राम जी की निकली सवारी, रावण द्वारा शिव आराधना और महाकाल भस्म आरती का मंचन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर विनोद अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लिया और आयोजन की सराहना की।
महोत्सव को सफल बनाने में सचिन अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, अंकुर गोयल, निमेष, हरीश मराठा, गौरव मदान, प्रदीप अरोड़ा, संतोष अरविंद मराठा, सुमित अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल सहित समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सहयोग रहा।



