हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों ने कविता पाठ व भाषण से हिंदी के महत्व पर डाला प्रकाश

मथुरा/गोवर्धन। बाबा कढेरा सिंह विद्या मंदिर में सोमवार को हिंदी दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन सुरेश सिंह, प्रबंध निदेशक गौरव सिंह, प्रबंधक प्रहलाद सिंह, प्राचार्य रामबाबू और शिक्षा प्रभारी एसवी सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने कविता पाठ, भाषण और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के चेयरमैन सुरेश सिंह ने कहा कि हिंदी देश की प्रमुख भाषाओं में से एक है और भारतीय संस्कृति व परंपराओं से गहराई से जुड़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा के प्रति सम्मान रखते हुए दैनिक जीवन में इसके अधिक से अधिक प्रयोग का आह्वान किया।
शिक्षा प्रभारी एसवी सिंह ने कहा कि हिंदी को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी हिंदी भाषियों की है। विद्यालय में हिंदी सप्ताह मनाने का संकल्प लिया गया है। इस दौरान विद्यालय में होने वाले कार्यक्रमों में शुद्ध हिंदी भाषा के प्रयोग को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्य वक्ता एवं प्राचार्य रामबाबू ने कहा कि हिंदी दिवस अपनी भाषा और जड़ों से जुड़े रहने का संदेश देता है। युवाओं को हिंदी के महत्व को समझते हुए भाषा के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. अशोक, कोऑर्डिनेटर बिपिन सिंह, चंद्रेश, योगेश, ओमप्रकाश, रोहताश, राकेश रहेजा, हेमेंद्र समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।



