आठ दिन से लापता डॉक्टर कृष्ण कुमार वर्मा मथुरा से सकुशल बरामद, घर लौटते ही परिजनों में छाई खुशी

आठ दिनों से जारी तलाश हुई समाप्त
डॉक्टर की बरामदगी के बाद परिवार ने ली राहत की सांस, तलाश में देरी को लेकर ग्रामीणों ने थाने पर किया था प्रदर्शन
स्याना.(बुलंदशहर)। थाना खानपुर क्षेत्र के कस्बा खानपुर के मोहल्ला बागवाला निवासी डॉक्टर कृष्ण कुमार वर्मा आठ दिनों तक लापता रहने के बाद शुक्रवार की रात करीब 9:00 मथुरा जिले के बरसाना स्थित श्रीजी आश्रम रंगीली महल के पास से बरामद किया। पुलिस और परिजन उन्हें शुक्रवार देर रात सुरक्षित थाना लेकर पहुंचे। लंबे समय से उनकी तलाश में जुटे परिजनों के लिए यह खबर किसी बड़ी राहत से कम नहीं थी। डॉक्टर के सकुशल घर लौटने पर परिवार में खुशी का माहौल छा गया। वहीं, स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने भी उनकी सुरक्षित वापसी पर प्रसन्नता जाहिर की।
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर कृष्ण कुमार वर्मा पुत्र विजय सिंह बीती 22 अक्टूबर की रात अस्पताल जाने की बात कहकर अपने घर से निकले थे। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को उनकी चिंता सताने लगी। शुरुआत में परिवार के लोगों ने अपने स्तर से उनकी तलाश शुरू की और संभावित स्थानों पर संपर्क कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
इसके बाद 23 अक्टूबर को डॉक्टर के भाई नीरज कुमार वर्मा ने थाना खानपुर पहुंचकर उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। उधर, परिजन भी रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर लगातार उनकी जानकारी जुटाने में लगे रहे। लेकिन कई दिनों तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से परिवार के लोग परेशान रहे।
थाने पर प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने लगाया था जाम
डॉक्टर कृष्ण कुमार वर्मा का कई दिनों तक कोई पता नहीं चलने से परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ने लगी थी। तलाश में तेजी लाने और डॉक्टर का जल्द पता लगाने की मांग को लेकर मंगलवार को परिजनों के साथ ग्रामीणों ने थाना खानपुर पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान लोगों ने बसी-लखावटी मार्ग पर जाम लगाकर अपना विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना था कि डॉक्टर को लापता हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने अपहरण का मुकदमा लिखा था
मथुरा में होने की मिली सूचना, तत्काल रवाना हुए परिजन और पुलिस
इसी बीच शुक्रवार को परिजनों को डॉक्टर कृष्ण कुमार वर्मा के मथुरा में होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही परिवार के लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और परिजन बिना देरी किए मथुरा के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचने के बाद डॉक्टर कृष्ण कुमार वर्मा को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद शुक्रवार देर रात पुलिस और परिजन उसे लेकर खानपुर थाना लेकर पहुंचे
आठ दिन बाद घर लौटे डॉक्टर, परिवार में लौटी खुशियां
आठ दिनों से अपने परिजन की वापसी का इंतजार कर रहे परिवार के लोगों ने जैसे ही डॉक्टर कृष्ण कुमार वर्मा को सुरक्षित देखा, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उनकी सकुशल वापसी से परिजनों की सबसे बड़ी चिंता दूर हो गई। घर और मोहल्ले में भी राहत और खुशी का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों तथा शुभचिंतकों ने डॉक्टर की सुरक्षित वापसी पर खुशी जताई।
फिलहाल आठ दिनों से चल रही तलाश के बाद डॉक्टर कृष्ण कुमार वर्मा के सकुशल घर लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, उनके आठ दिनों तक लापता रहने के कारणों को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
इनका क्या कहना है
वही खानपुर थाना प्रभारी रितेश कुमार ने बताया। कि शुरुआती जांच में डॉक्टर के घर से परेशान होकर जाने की बात सामने आई है और डॉक्टर के लापता होने के कारणो का पुलिस अभी पता लग रही है। बाकी तथ्य का पुलिस की आगे की जांच में खुलासा होगा



