ग़ाज़ियाबाद

बारिश में नहीं डूबेंगे लोनी के रास्ते, 1.42 करोड़ से बनेंगे तीन बाक्स कल्वर्ट, पीडब्ल्यूडी ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया 

गाजियाबाद। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे और लोनी-गाजियाबाद मार्ग पर बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने दोनों महत्वपूर्ण मार्गों पर जल निकासी व्यवस्था बेहतर करने के लिए 1.42 करोड़ रुपये की लागत से तीन बाक्स कल्वर्ट बनाने की योजना तैयार की है। इनके निर्माण के बाद बारिश का पानी सड़क के नीचे से तेजी से निकल सकेगा और लंबे समय तक सड़क पर पानी जमा रहने की समस्या कम होगी। पीडब्ल्यूडी ने तीनों स्थानों पर बाक्स कल्वर्ट निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के अधिशासी अभियंता रामराजा के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। कार्यदायी संस्था को निर्माण पूरा करने के लिए छह महीने का समय दिया जाएगा। प्रस्तावित बाक्स कल्वर्ट तीन मीटर स्पैन के होंगे। इन्हें सड़क के नीचे बनाया जाएगा, जिससे बारिश का पानी एक तरफ से दूसरी तरफ आसानी से निकल सके। विभाग का मानना है कि जल निकासी का रास्ता मिलने से बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा नहीं होगा और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बस स्टैंड नंबर के पास बाक्स कल्वर्ट के निर्माण पर 43.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी मार्ग पर गोपाल नर्सिंग होम के पास भी 43.30 लाख रुपये की लागत से दूसरा कल्वर्ट बनाया जाएगा। वहीं लोनी-गाजियाबाद रोड के बाग रानप क्षेत्र में तीसरे बाक्स कल्वर्ट का निर्माण होगा, जिस पर 55.60 लाख रुपये खर्च होंगे। तीनों परियोजनाओं की कुल लागत 1.42 करोड़ रुपये है। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे और लोनी-गाजियाबाद मार्ग पर जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण मामूली बारिश में भी कई स्थानों पर पानी भर जाता है। कई बार पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है। इससे सड़क की सतह खराब होने के साथ ही गड्ढे भी बढ़ जाते हैं। जलभराव के दौरान गड्ढों में वाहन अनियंत्रित होकर पलटने के वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर सामने आते रहे हैं।
स्थानीय लोगों और राहगीरों की ओर से लंबे समय से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की जा रही थी। अब बाक्स कल्वर्ट बनने से दोनों प्रमुख मार्गों पर जल निकासी बेहतर होने की उम्मीद है। खासकर लोनी के मुख्य मार्गों पर बारिश के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिलने की संभावना है। बाक्स कल्वर्ट सड़क के नीचे बनाया जाने वाला कंक्रीट का चौकोर या आयताकार ढांचा होता है। इसका इस्तेमाल बारिश के पानी या छोटे नाले के पानी को सड़क के नीचे से एक ओर से दूसरी ओर निकालने के लिए किया जाता है। पीडब्ल्यूडी के अनुसार, तीन मीटर स्पैन वाले प्रस्तावित कल्वर्ट बारिश के पानी की निकासी को तेज करेंगे। इससे सड़क पर पानी जमा होने की समस्या कम होगी और जलभराव के कारण सड़क को होने वाले नुकसान से भी बचाव हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button