बाईपास पर पुल और सर्विस रोड की मांग, सांसद को सौंपा पत्र

किसानों के लंबित मुआवजे का भुगतान कराने की भी मांग
मथुरा/कोसीकलां। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के कोसीकलां बाईपास क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु करने और स्थानीय लोगों की आवाजाही आसान बनाने के लिए दोनों ओर सर्विस रोड निर्माण तथा श्यामनगर रोड तिराहे पर पुल बनाने की मांग उठी है। इस संबंध में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल गोयल ने सांसद हेमा मालिनी को पत्र सौंपकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग की है।
कन्हैयालाल गोयल ने पत्र में कहा कि बाईपास से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी इन समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया था। उस समय इनके समाधान का भरोसा दिया गया था, लेकिन चुनाव के बाद करीब दो वर्ष बीतने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि बाईपास के दोनों ओर पर्याप्त सर्विस रोड नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों और आसपास के गांवों से आने-जाने वाले ग्रामीणों को मुख्य मार्ग पर यातायात के बीच से आवागमन करना पड़ता है। शालीमार रोड तिराहे सहित अन्य संपर्क मार्गों पर पुल या सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बढ़ जाती है। भारी वाहनों की आवाजाही के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।पत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण एवं चौड़ीकरण के दौरान अधिग्रहित किसानों की जमीन का लंबित मुआवजा दिलाने की मांग भी की गई है। व्यापार मंडल ने सांसद से एनएचएआई एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर आवश्यक निर्माण कार्य कराने और किसानों के मुआवजे का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान मंडल कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल घी वाले, वासदेव पंडित , किशन चौधरी और राधे यादव मौजूद रहे।



