105 स्कूली वाहन चालकों का हुआ स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को लेकर प्रदेश सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत गुरुवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, सिद्धार्थनगर में स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 105 स्कूली वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण किया गया।नेत्र सर्जन डॉ. अंबिका राय और डॉ. हरिश्चंद्र तथा उनकी टीम ने चालकों की आंखों की जांच की। परीक्षण के बाद चालकों को स्वास्थ्य परीक्षण कार्ड जारी किए गए और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 का दूसरा चरण 11 से 25 अगस्त तक चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूली वाहनों की फिटनेस, चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण, चरित्र प्रमाणपत्र और वाहनों में परिचर की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।परिचर की जिम्मेदारी बच्चों को सुरक्षित तरीके से वाहन में चढ़ाने और उतारने की होती है।
उन्होंने बताया कि जिले में 45 स्कूली वाहन अनफिट पाए गए थे, जिनमें अधिकांश की फिटनेस दुरुस्त कर प्रमाणपत्र जारी किया जा चुका है। शेष वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है।शिविर में बस्ती के आरटीओ (प्रशासन) फरीद्दीन, आरटीओ (प्रवर्तन) सुरेश कुमार, पीटीओ मुजफ्फर हुसैन सिद्दीकी, हुदा, रघुवर यादव, अजय कुमार श्रीवास्तव तथा परिवहन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।





