रसूलपुर में कूड़े का अंबार, दुर्गंध और बीमारी का बढ़ा खतरा

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
इटवा/सिद्धार्थनगर। इटवा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत रसूलपुर में जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा होने से ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से जमा कचरे से दुर्गंध फैल रही है तथा आसपास गंदगी का वातावरण बना हुआ है। इससे विभिन्न प्रकार की बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कचरा उठाने के लिए लाखों रुपये की लागत से कूड़ा घर बनाए जाने के बावजूद नियमित रूप से कचरा उठाने और उसका उचित निस्तारण करने की व्यवस्था प्रभावी नहीं है। सफाई व्यवस्था में लापरवाही के कारण सड़क और आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा फैलता जा रहा है।
इस मामले को लेकर नव युवक ग्राम विकास समिति के संरक्षक एवं समाजसेवी राम वृक्ष गुप्ता जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर से मामले की जांच कराने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध उचित एवं कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
समाजसेवी राम वृक्ष गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। गांवों में सफाई व्यवस्था नियमित और प्रभावी होनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को गंदगी, दुर्गंध और बीमारियों के खतरे से बचाया जा सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण कराने, कूड़े की सफाई कराने तथा नियमित कचरा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
जनहित में सवाल यही है—जब कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था के लिए धन खर्च किया गया है, तो फिर गांव में कूड़े का यह अंबार क्यों? संबंधित विभाग को इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत दिलानी चाहिए।



