सेवा, समर्पण और नेतृत्व के संकल्प के साथ नई टीम ने संभाली कमान

प्रयागराज, प्रयागराज में सिविल लाइन्स स्थित होटल प्रयाग इन में आयोजित भव्य एवं गरिमामय समारोह में लायंस क्लब प्रयागराज प्रमिला तथा लियो रेनबो क्लब की नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर समाज सेवा, नेतृत्व और मानव कल्याण के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना से ओत-प्रोत रहा।
समारोह का शुभारंभ ईश वंदना से हुआ, जिसके बाद लियो रेनबो क्लब की बालिकाओं ने सामूहिक प्रार्थना गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। चार्टर अध्यक्ष एमजेएफ लायन तृप्ति पनवार ने सभी सदस्यों के साथ प्रार्थना कर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर नई कार्यकारिणी को विधिवत पदभार ग्रहण कराया गया। लायंस क्लब प्रयागराज प्रमिला में लायन आयुषी अग्रवाल ने अध्यक्षा, लायन जया मनोहर ने सचिव तथा लायन मुमुल सिंह ने कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। वहीं लियो रेनबो क्लब में लियो परनिका सिंह को अध्यक्षा, लियो देवांशी श्रीवास्तव को सचिव एवं लियो आद्या मनोहर को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
मुख्य अतिथि पीएमजेएफ लायन उदय चंदानी (मंडलाध्यक्ष) ने अपने संबोधन में कहा कि लायंस क्लब विश्व की अग्रणी सेवा संस्थाओं में से एक है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने नई टीम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष प्रथम लायन उमेश खक्कर ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए संगठन की गरिमा बनाए रखने तथा सेवा कार्यों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान लायन मीना अरोरा ने लायंस क्लब के नैतिक सिद्धांतों का वाचन किया, जबकि मीनाक्षी भोला ने ध्वज वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों का स्वागत लायन रजनी एवं लायन वनीता ने किया। समारोह का संचालन लायन धनांशी अग्रवाल ने प्रभावी ढंग से किया तथा समापन आकांक्षा जायसवाल एवं सीमा द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगान के साथ हुआ।
समारोह में रीजन चेयरपर्सन लायन माधवी अग्रवाल, जोन चेयरपर्सन लायन सुनीता चौधरी, उपमा श्रीवास्तव, माला मिश्रा, धीरेन्द्र मिश्रा, रोहित जायसवाल, वंदना तिवारी, राकेश मोहन बालाजी, सतीश टंडन, ममता सिंह, अनूप सिंह, लायन विशाल खरे, आर.के. साहू, ऋषि सेठी सहित बड़ी संख्या में लायंस एवं लियो क्लब के सदस्य तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी वक्ताओं ने सेवा, सहयोग, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। नई कार्यकारिणी के गठन पर उपस्थित सभी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।