शहर-राज्य

मेरठ में खुला सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी का ‘कारीगरी’, बोले- सिर्फ स्वाद नहीं, यादें भी परोसेंगे

उज्जवल रस्तौगी मेरठ

मेरठ। मशहूर सेलिब्रिटी शेफ Harpal Singh Sokhi के फाइन डाइनिंग ब्रांड ‘कारीगरी’ ने मेरठ में अपना पहला और देश का 13वां आउटलेट शुरू कर दिया है। भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन ‘राज तिलक उत्सव’ थीम पर किया गया, जिसमें शहर के गणमान्य लोग और फूड लवर्स बड़ी संख्या में शामिल हुए।

उद्घाटन के दौरान शेफ हरपाल सिंह सोखी ने कहा कि कारीगरी केवल एक रेस्टोरेंट नहीं, बल्कि कहानियों और भारतीय संस्कृति का उत्सव है। उन्होंने बताया कि यहां परोसी जाने वाली हर डिश के पीछे एक कहानी है, जिसे मेहमानों तक पहुंचाने की खास कोशिश की जाएगी।

शेफ सोखी ने कहा कि बचपन में पंजाब के ढाबों पर खाई गई दाल से प्रेरित होकर कारीगरी में दाल आधारित कई अनोखे व्यंजन तैयार किए गए हैं। मेन्यू में दाल सोया चाप, दाल पनीर भुर्जी, दाल अंडा भुर्जी तड़का और दाल मेथी पालक जैसे प्रयोगात्मक व्यंजन शामिल किए गए हैं।

रेस्टोरेंट की एक और खासियत तीन अलग-अलग अंदाज में परोसा जाने वाला बटर चिकन होगा, जिसमें लाल, सफेद और हरे रंग के विशेष फ्लेवर शामिल हैं। वहीं शाकाहारी ग्राहकों के लिए भी विस्तृत मेन्यू तैयार किया गया है, जिसमें राजमा गलौटी कबाब, पनीर मार्घेरिटा टिक्का और कई तरह के कबाब व ब्रेड्स आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

शेफ सोखी ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल स्वादिष्ट भोजन परोसना नहीं, बल्कि ऐसा अनुभव देना है जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें। इसके लिए स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि वे मेहमानों को हर डिश की कहानी भी सुना सकें।

इस मौके पर उन्होंने मेरठ से अपने पुराने जुड़ाव को भी याद किया। उन्होंने बताया कि लगभग 13 वर्ष पहले वह एक कार्यक्रम में मेरठ आए थे और अब 13 साल बाद कारीगरी के 13वें आउटलेट के उद्घाटन के लिए दोबारा शहर पहुंचे हैं। उन्होंने इसे अपने जीवन का एक सुखद संयोग बताया।

कार्यक्रम के दौरान शेफ ने अपने लोकप्रिय डायलॉग “नमक शमक, नमक शमक डाल देते हैं” और “जुबान दी होगी… बल्ले-बल्ले” भी सुनाए, जिन्हें सुनकर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज यही डायलॉग उनकी पहचान बन चुके हैं और लोग उन्हें “नमक शमक वाले शेफ” के नाम से भी जानते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button