शहर-राज्य

29 मई को सहारनपुर में रेड अलर्ट, जिलाधिकारी ने जारी की जनहित में एडवाइजरी…

सहारनपुर
मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 29 मई 2026 के लिए जनपद सहारनपुर में रेड अलर्ट घोषित किए जाने के बाद जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने आमजन के लिए आवश्यक जनहित में एडवाइजरी जारी की है। विभाग के अनुसार जनपद में तीव्र आंधी-तूफान, वज्रपात तथा भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन करें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। एडवाइजरी में कहा गया है कि 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज आंधी के दौरान लोग घरों के अंदर सुरक्षित रहें तथा बड़े होर्डिंग्स, साइनबोर्ड, कमजोर दीवारों और पुराने पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। मेघगर्जन एवं वज्रपात के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रयोग बंद रखने और खुले मैदान, तालाबों व पेड़ों के नीचे आश्रय न लेने की सलाह दी गई है। ओलावृष्टि की स्थिति में सिर को सुरक्षित ढकने तथा मवेशियों और पालतू जानवरों को पक्के शेड के नीचे बांधने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अलावा जलभराव वाले रास्तों तथा गिरे हुए बिजली के तारों और खंभों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने को कहा गया है। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति अथवा सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 0132-2723971 एवं 0132-2723344 जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने नागरिकों से सजग एवं सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button