ग़ाज़ियाबाद

30 हजार वर्गमीटर में बस रही अवैध कॉलोनी पर जीडीए का बुलडोजर-औरंगाबाद गदाना में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, सड़कों व साइट ऑफिस पर चली कार्रवाई

गाजियाबाद। अवैध निर्माण एवं अनधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार को मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम औरंगाबाद गदाना में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 30 हजार वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया। जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि ग्लोब शाइन बिल्डर एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निरंजन फौजदार एवं अनुज चौधरी के माध्यम से खसरा संख्या-396, राजस्व ग्राम औरंगाबाद गदाना, हापुड़ रोड, मोदीनगर स्थित भूखंड पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार लगभग छह माह पूर्व यहां विकास कार्य प्रारम्भ किया गया था। कॉलोनाइजर द्वारा बिना किसी स्वीकृत लेआउट अथवा तलपट मानचित्र के प्लॉटिंग की जा रही थी। क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए मिट्टी डाली गई थी तथा बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस और अन्य संरचनाएं तैयार की जा चुकी थीं। निरीक्षण के दौरान जब प्राधिकरण टीम ने स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत करने को कहा तो मौके पर कोई वैध अनुमति उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद अवैध निर्माण को चिन्हित करते हुए तत्काल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। प्रवर्तन दस्ते ने जेसीबी मशीनों की मदद से कॉलोनाइजर द्वारा बनाई गई सड़कों, बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही पूरे परिसर को सील करने की कार्रवाई भी की गई ताकि भविष्य में दोबारा अवैध निर्माण न हो सके। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर एवं निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध जताया गया, लेकिन प्राधिकरण प्रवर्तन टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक कार्रवाई प्रभावी रूप से जारी रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के विरुद्ध विकास कार्य करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल तथा प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक सम्पन्न कराई गई। जीडीए अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी भूखंड या प्लॉट को खरीदने से पूर्व प्राधिकरण से उसकी वैधता एवं स्वीकृत मानचित्र की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्राधिकरण ने यह भी संकेत दिए हैं कि शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य नियोजित विकास को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं वैध आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button