ग़ाज़ियाबाद

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, तीन लोगों की मौत-थार, बाइक और टेंपो ट्रैवलर की टक्कर से मची अफरा-तफरी

गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर आईपीईएम इंजीनियरिंग कॉलेज के पास शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे पीआरवी को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची विजयनगर थाना पुलिस ने पाया कि एक्सप्रेसवे पर खड़ी एक थार कार और एक बाइक को पीछे से आ रहे टेंपो ट्रैवलर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल तीन व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दीपक पुत्र हरिवंश लाल, नवीन पुत्र स्वर्गीय स्वराज कुमार तथा योगेश (बाइक चालक) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में नवीन कुमार वर्मा निवासी बाबरपुर की भी पहचान सामने आई है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा उनकी तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। एसीपी उपासना पाण्डेय ने बताया कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है, बावजूद इसके बाइक चालक एक्सप्रेसवे पर खड़ा था। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां से एनएच-9 का एग्जिट प्वाइंट है, जहां अक्सर वाहन चालक रास्ते को लेकर भ्रमित हो जाते हैं और सड़क पर वाहन रोक देते हैं, जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है। प्रत्यक्षदर्शियों और चालक के बयान के अनुसार टेंपो ट्रैवलर चालक को संभवत: झपकी आ गई थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर खड़े वाहनों से टकरा गया। पुलिस ने टेंपो ट्रैवलर चालक वीरेंद्र पुत्र जियालाल निवासी दिल्ली, मूल निवासी अमेठी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button