सड़क उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक के मुंह से निकली अभद्र भाषा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मथुरा/गोवर्धन। ग्राम पंचायत जानू में सड़क उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान गोवर्धन विधायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विधायक मंच से किसी बात को लेकर बातचीत करते हुए कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत जानू में सड़क उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान विधायक मंच पर मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात पर बातचीत करते हुए उनके मुंह से कथित तौर पर गाली निकल गई। कार्यक्रम में मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
गौरतलब है कि गोवर्धन विधायक इससे पहले भी एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। हाल ही में विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें बार बालाओं के नृत्य का दावा किया गया था। उस वीडियो को लेकर भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।
अब सड़क उद्घाटन कार्यक्रम का नया वीडियो सामने आने के बाद विधायक एक बार फिर चर्चा में हैं। वायरल वीडियो में विधायक द्वारा कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और वीडियो के पूरे संदर्भ की भी जानकारी सामने नहीं आई है।
वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम को लेकर विधायक या संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।


