शहर-राज्य

वाउंड्री और गेट का ताला तोड़कर जमीन पर कब्जे का आरोप, दो नामजद समेत 20-25 पर केस

बाटी की घटना, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

चौमुहां (मथुरा)। जैत थाना क्षेत्र में वाउंड्रीशुदा कृषि भूमि का गेट और ताला तोड़कर जबरन कब्जा करने का मामला सामने आया है। ग्राम बाटी निवासी मोती पुत्र टीटीराम की शिकायत पर पुलिस ने धीरेन्द्र मोहन उर्फ मुरली पंकज पुत्र राजवीर सिंह निवासी छटीकरा, थाना जैत, जिला मथुरा और दबंग भूमाफिया राहुल पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम जैत, थाना जैत, जिला मथुरा समेत 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी धारदार हथियार और तमंचों से लैस होकर पहुंचे थे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित के अनुसार, ग्राम बाटी निवासी मोती पुत्र टीटीराम की खसरा संख्या 963 में करीब 0.2500 हेक्टेयर वाउंड्रीशुदा और गेटबंद कृषि भूमि है। आरोप है कि पांच अगस्त को सुबह करीब 10 बजे धीरेन्द्र मोहन उर्फ मुरली पंकज पुत्र राजवीर सिंह निवासी छटीकरा और राहुल पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम जैत अपने 20-25 अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने साजिश के तहत भूमि के गेट का ताला और वाउंड्री तोड़ दी और कब्जा करने का प्रयास किया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आवाज सुनकर जब वह गेट के पास पहुंचा तो आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि अभी अपनी बुग्गी लेकर यहां से चला जा, नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने पीछे की दीवार तोड़कर खसरा संख्या 559 के लिए रास्ता बना लिया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों में से एक व्यक्ति ने गेट और दीवारों पर लिखे वादी के नाम को काले पेंट के स्प्रे से पोत दिया और उसकी जगह विपक्षी पक्ष के नाम व मोबाइल नंबर लिख दिए।
घटना की सूचना 10 अगस्त को पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संदीप राणा को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार मौके पर फिलहाल कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button