शहर-राज्य

श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन, जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत

राजीव मोंगरा
वेलकम इंडिया
सहारनपुर। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार को पंजाबी गुरुद्वारा नुमाईश कैम्प (रजि.) की ओर से भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में निकले नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। नगर कीर्तन के दौरान पूरा क्षेत्र गुरु वाणी और धार्मिक जयकारों से गूंज उठा।
नगर कीर्तन का शुभारंभ पंजाबी गुरुद्वारा नुमाईश कैम्प से हुआ। नगर कीर्तन में सबसे आगे पांच प्यारे साहिबान चल रहे थे, जबकि उनके पीछे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन अगुवाई में शोभायात्रा आगे बढ़ी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर संगत ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह सेवा और सत्कार के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
नगर कीर्तन पंजाबी गुरुद्वारा नुमाईश कैम्प से प्रारंभ होकर भारत माता चौक, गोपाल नगर, रुड़की कैम्प और गौशाला सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः पंजाबी गुरुद्वारा नुमाईश कैम्प पहुंचकर संपन्न हुआ। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। नगर कीर्तन का मुख्य आकर्षण घोड़ों पर सवार निहंग सिंह रहे। वहीं पंजाब से पहुंची बैंड पार्टी ने अपनी मधुर धुनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गतका पार्टी के सदस्यों ने पारंपरिक युद्ध कला का शानदार प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके हैरतअंगेज करतब देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। युवाओं और बच्चों में भी नगर कीर्तन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर स. तजिन्दर सिंह, स. दविन्दर सिंह बाठला, स. त्रिलोचन सिंह, स. करनैल सिंह, भाई परमजीत सिंह, हितेश गुलाटी, जॉनी बग्गा, हरजीत सिंह नरूला, अमनदीप सिंह, अमरजीत सिंह, दीपक सिंह, गुरदीप सिंह, सेवा सिंह, मनजीत सिंह और शिवजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में कीर्तन, अरदास और गुरु का अटूट लंगर भी आयोजित किया गया। उन्होंने नगर कीर्तन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली संगत और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। नगर कीर्तन ने शहर में आपसी भाईचारे, प्रेम, सेवा और एकता का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button