शहर-राज्य

श्रावण सोमवार पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, धनाराघाट में एएसपी का निरीक्षण

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत।श्रावण मास के तृतीय सोमवार और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को थाना हजारा क्षेत्र के धनाराघाट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
अपर पुलिस अधीक्षक ने धनाराघाट क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति, आवागमन के साधनों, कांवड़ियों के आवागमन वाले मार्ग तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित स्थानों की स्थिति और श्रद्धालुओं की आवाजाही के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जाए। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने पर भी विशेष जोर दिया गया।उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति सामने आने पर पुलिसकर्मी तत्काल प्रभावी कार्रवाई करें और संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती और निगरानी जारी है।भ्रमण के दौरान क्षेत्राधिकारी पूरनपुर और थानाध्यक्ष हजारा समेत संबंधित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की सक्रियता से श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा कायम करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button