मुरादाबाद: 1.20 करोड़ की डकैती में ‘घर का भेदी’ निकली बेटी, प्रेमी संग मिलकर पिता को ही लुटवायानागफनी में कारोबारी के घर तड़के 3 बजे बोला धावा, परिवार को बंधक बनाकर की लूट; टोल प्लाजा पर बदली नंबर प्लेट बनी गिरफ्तारी की वजहबेटी अरीबा समेत 5 गिरफ्तार, 47.24 लाख कैश, तमंचे-कार बरामद; IFTM में पढ़ते वक्त हुई थी प्रेमी अरशद से मुलाकात, 6 बदमाश अब भी फरार

मुरादाबाद।। कहावत है ‘घर का भेदी लंका ढाए’। मुरादाबाद के नागफनी क्षेत्र में हुई 1.20 करोड़ की सनसनीखेज डकैती में यह कहावत सच साबित हुई। पीतल कारोबारी एवं प्रॉपर्टी डीलर इमरान के घर हुई इस बड़ी वारदात की मास्टरमाइंड कोई पेशेवर बदमाश नहीं, बल्कि उनकी सगी बेटी अरीबा निकली। उसने अपने प्रेमी अरशद वारसी के साथ मिलकर अपने ही घर में डकैती डलवाई। पुलिस ने बेटी समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार तड़के 3 बजे हुई थी वारदात, CCTV में कैद हुई थी दहशत
घटना सोमवार तड़के करीब 3 बजे की है। अकबर कंपाउंड, नागफनी स्थित कारोबारी इमरान के घर 8-10 हथियारबंद बदमाश दीवार फांदकर घुसे थे। बदमाशों ने पूरे परिवार को गन पॉइंट पर लेकर बंधक बना लिया। इसके बाद अलमारी-लॉकर तोड़कर करीब 1.20 करोड़ रुपये नकद और लाखों के जेवरात लूट ले गए। पूरी वारदात घर में लगे CCTV में कैद हो गई थी। दहशत के कारण परिवार कई घंटे तक सहमा रहा।
एडीजी-डीआईजी पहुंचे मौके पर, 5 टीमें खंगाल रहीं थी 200 से ज्यादा कैमरे
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी मुनिराज जी और एसएसपी सतपाल अंतिल भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। एसएसपी ने खुलासे के लिए सर्विलांस, SOG समेत पुलिस की 5 टीमें गठित कीं। टीमों ने शहर और हाइवे के 200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
टोल प्लाजा की ‘एक गलती’ ने पहुंचाया सलाखों तक
जांच में सामने आया कि बदमाशों ने वारदात में दो कारों का इस्तेमाल किया था। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। लेकिन मुरादाबाद से बाहर निकलते वक्त टोल प्लाजा पर पकड़े जाने के डर से उन्होंने कुछ देर के लिए असली नंबर प्लेट लगा ली। पुलिस को टोल की फुटेज से कारों के असली नंबर मिल गए।
नंबरों के आधार पर पुलिस कार मालिक कुलदीप तक पहुंची। सख्ती से पूछताछ में कुलदीप टूट गया और उसने बताया कि कारें उसने अमरोहा के अरशद वारसी को दी थीं। यहीं से पुलिस को मास्टरमाइंड तक पहुंचने का सिरा मिल गया।
कॉलेज की दोस्ती प्यार में बदली, फिर बना डकैती का प्लान
एसएसपी सतपाल अंतिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुख्य आरोपी अरशद वारसी पुत्र यामीन, निवासी मकदूमपुर, थाना नौगांवा सादात, अमरोहा, IFTM यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करता था। वहीं उसकी मुलाकात कारोबारी इमरान की बेटी अरीबा से हुई। दोनों में पहले दोस्ती और फिर प्रेम संबंध हो गए। अरशद को पता था कि अरीबा के पिता के घर में बड़ी मात्रा में कैश रहता है।
उसने अरीबा को झांसे में लेकर डकैती का प्लान बनाया। अरीबा ने घर की पूरी रेकी कराई, बताया कि पैसा कहाँ रखा है, घर में कौन-कौन है और कब सभी सोते हैं। उसी की निशानदेही पर सोमवार तड़के वारदात को अंजाम दिया गया।
5 गिरफ्तार, 6 की तलाश जारी; बरामद हुआ ये सामान
पुलिस ने अरशद की निशानदेही पर कारोबारी की बेटी अरीबा, रवि कुमार निवासी बिजरा, निक्की निवासी तिगरिया भूड़, गजरौला और कुलदीप समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बरामदगी: 47 लाख 24 हजार रुपये नकद, 2 तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल दो कारें।
फरार: पुलिस के अनुसार इस गैंग में 10-11 लोग शामिल थे। 6 बदमाश अभी फरार हैं जिनकी तलाश में अमरोहा, संभल और दिल्ली में दबिश दी जा रही है।
“बेटी पर भरोसा था, उसी ने पीठ में छुरा घोंपा”
गिरफ्तारी के बाद कारोबारी इमरान का परिवार सदमे में है। परिजनों का कहना है कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि अरीबा ऐसा कर सकती है। “हमने उसे पढ़ाया-लिखाया, हर ख्वाहिश पूरी की। उसी ने घर की इज्जत और दौलत दोनों लुटवा दी,” एक रिश्तेदार ने कहा।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि सभी आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद लूटी गई पूरी रकम बरामद कर ली जाएगी। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि बाकी रकम और जेवरात बरामद किए जा सकें।



