शहर-राज्य

मुठभेड़ में चैन स्नेचर गैंग का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार

_तीन वारदातों का खुलासा, अवैध तमंचा, कारतूस व लूट का माल बरामद।

असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद में नारी सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।चिल्हिया व शोहरतगढ़ पुलिस तथा एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान चैन स्नेचर गैंग के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन मंगलसूत्र, एक अवैध देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

कपिया चौराहे की घटना से खुली कड़ी

27 अप्रैल 2026 को थाना चिल्हिया क्षेत्र के कपिया चौराहे पर महिला से मंगलसूत्र छिनैती की घटना हुई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की थी। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के निर्देशन में टीम लगातार सक्रिय थी।

घेराबंदी के दौरान मुठभेड़, एक घायल

एक/दो मई की रात शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध बदमाश नौगढ़ से चिल्हिया की ओर भाग रहे हैं। सनई-चिल्हिया मार्ग पर कटया गांव के पास घेराबंदी की गई। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे और बाइक गिर गई। पुलिस के रोकने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश अब्दुल्ला उर्फ ललाऊ घायल हो गया, जबकि तीन अन्य को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में कबूली कई वारदातें

गिरफ्तार आरोपितों में अब्दुल्ला उर्फ ललाऊ, उस्मान मलिक, मोहम्मद शकील उर्फ जुबेर और सभाराज यादव शामिल हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अपने साथियों दिनेश उर्फ दीना व सुग्रीव के साथ मिलकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रेकी कर महिलाओं को निशाना बनाते थे। कपिया चौराहे, खड़सरी मार्ग व अन्य स्थानों पर हुई छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

अपराधिक इतिहास भी खंगाला

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कोतवाली बांसी, गोल्हौरा और चिल्हिया थानों में दर्ज छिनैती व अन्य धाराओं के मुकदमे शामिल हैं। हालिया मुठभेड़ में पुलिस पर फायरिंग के मामले में भी नया मुकदमा दर्ज किया गया है।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता (थाना चिल्हिया), प्रभारी निरीक्षक नवीन सिंह (थाना शोहरतगढ़), एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक ओम प्रकाश मिश्रा, उपनिरीक्षक विंध्याचल प्रसाद, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक हरेंद्र चौहान सहित टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि गैंग के फरार सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button