ग़ाज़ियाबाद

बाबा साहब की प्रतिमा से छेड़छाड़ पर विधायक का एक्शन, सुरक्षा के इंतजाम शुरू

गाजियाबाद। नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ और सब्जी फेंके जाने की घटना सामने आने के बाद शहर विधायक संजीव शर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया। घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार को उन्होंने नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक स्वयं नगर निगम अधिकारियों और एसडीएम के साथ अंबेडकर पार्क पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। बताया गया कि सुबह करीब आठ बजे बीआर आंबेडकर समिति के अध्यक्ष ने फोन पर विधायक को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विधायक ने नगर आयुक्त समेत संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद मौके पर पहुंचकर उन्होंने प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। विधायक ने बाबा साहब की प्रतिमा के साथ किए गए कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं समाज के लिए प्रेरणा और सम्मान का प्रतीक हैं। इनके साथ किसी भी प्रकार का अपमानजनक कृत्य स्वीकार नहीं किया जाएगा। मौके पर विधायक ने प्रतिमा की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को तत्काल आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। इसके तहत प्रतिमा पर टफन ग्लास लगाने का कार्य शुरू कराया गया। इसके अलावा अंबेडकर पार्क में एसएस रेलिंग लगाने, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए गए। पार्क की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 16 सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम भी शुरू कराया गया है। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि प्रतिमा और पार्क की सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी और पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कराई गई है। विधायक ने पुलिस अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच करने और घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का सम्मान और उनकी प्रतिमा की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा की सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। घटना के बाद पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और नगर निगम के स्तर पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। अधिकारियों ने प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई कराने के साथ सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया। सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा इंतजाम पूरे होने के बाद पार्क की निगरानी व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button