फूल बरसे तो गूंजे भोले के जयकारे, कांवड़ियों के स्वागत में उमड़ा गाजियाबाद-महापौर, विधायक, डीएम, नगर आयुक्त और जीडीए वीसी ने एक साथ बरसाए फूल, शिवभक्तों का बढ़ाया उत्साह

गाजियाबाद। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर गाजियाबाद के रास्ते अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवडिय़ों का रविवार को मेरठ रोड पर भव्य स्वागत किया गया। नगर निगम की ओर से आयोजित पुष्पवर्षा कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ सहित, एसीपी कोतवाली एवं कांवड़ नोडल अधिकारी उपासना पाण्डेय एवं निगम के अधिकारी एक साथ नजर आए। सभी ने कांवड़ यात्रियों पर फूल बरसाकर उनका उत्साहवर्धन किया। फूलों की वर्षा और हर-हर महादेव के जयघोष से मेरठ रोड का माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया। नगर निगम के निर्देश पर मेरठ रोड पर कांवडिय़ों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। पुष्पवर्षा के दौरान गुलाब, गेंदे और चमेली के फूलों की पंखुडिय़ां शिवभक्तों पर बरसाई गईं। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया कि करीब तीन से चार क्विंटल फूलों की पंखुडिय़ों से कांवडिय़ों का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाने के लिए नगर निगम की ओर से 10 अगस्त को भी भव्य पुष्पवर्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पुष्पवर्षा से उत्साहित कांवडिय़ों ने नगर निगम और प्रशासन का आभार जताया। कई शिवभक्तों ने इसे यात्रा के दौरान मिलने वाला आत्मीय सम्मान बताते हुए कहा कि गाजियाबाद में सेवा और स्वागत की भावना ने उनकी यात्रा का उत्साह और बढ़ा दिया है। महापौर सुनीता दयाल ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा करते हुए उन्हें कांवड़ यात्रा महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद से हर वर्ष लाखों कांवड़ यात्री होकर गुजरते हैं। इस बार भी निगम की टीम स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तत्परता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा भाव के साथ स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिए जाने से कांवडिय़ों में भी उत्साह नजर आ रहा है। महापौर ने कहा कि निगम कर्मचारियों के साथ प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारी भी दिन-रात व्यवस्थाओं में जुटे हैं। कांवडिय़ों का स्वागत और उनका उत्साहवर्धन करना भी इसी सेवा भावना का हिस्सा है। उन्होंने सभी शिवभक्तों की यात्रा मंगलमय होने की कामना की। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए नगर निगम की टीम 24 घंटे व्यवस्थाओं में लगी हुई है। सफाई व्यवस्था को पहले से बेहतर किया गया है और कांवड़ शिविरों के आसपास भी विशेष स्वच्छता रखी जा रही है। कांवड़ मार्गों की नियमित सफाई और उन्हें व्यवस्थित रखने के लिए निगम की टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि निगम के अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ श्रद्धा और सेवा भाव से भी कांवडिय़ों की सेवा में जुटे हैं। नगर निगम का कांवड़ शिविर भी लगातार सेवा कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद से गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में विधायक संजीव शर्मा और विधायक अजीत पाल त्यागी ने भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और समर्पण का पर्व है और शिवभक्तों की सेवा करना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने प्रशासन और नगर निगम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल से यात्रा को व्यवस्थित बनाया जा रहा है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन का पूरा ध्यान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन पर है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों का सम्मान और उनकी यात्रा को सुगम बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के वीसी नंदकिशोर कलाल ने भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न विभाग एक टीम के रूप में काम कर रहे हैं। यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नगर निगम की टीम एक साथ कांवडिय़ों के स्वागत में खड़ी दिखाई दी। इससे सेवा, समन्वय और श्रद्धा का संदेश गया।

