कांवड़ मार्ग से दूधेश्वर धाम तक राजकरन नैय्यर की पैनी नजर, एएलटी से मेरठ बॉर्डर तक सुरक्षा व्यवस्था परखी

गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में रविवार को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात राजकरन नैय्यर ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने एएलटी, गंगनहर से लेकर कादराबाद मेरठ बॉर्डर तक मार्ग का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता परखी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राजकरन नैय्यर ने एएलटी, गंगनहर से कादराबाद मेरठ बॉर्डर तक कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, कांवडिय़ों की सुगम आवाजाही और मार्ग पर तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो और शिवभक्तों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के क्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने कोतवाली नगर स्थित ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर वहां की दर्शन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही, कतारबद्ध दर्शन, सुरक्षा प्रबंध और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। भीड़ बढऩे की स्थिति में कतार व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए। राजकरन नैय्यर ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस की प्राथमिकता शिवभक्तों की सुरक्षा और उन्हें सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए कांवड़ मार्गों से लेकर प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी परिस्थिति में लापरवाही न बरती जाए और आवश्यकता पडऩे पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर समन्वय, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।

