पालीखेड़ा में बोरे में मिला खून से लथपथ अज्ञात शव, हत्या की आशंका से मची अफरा-तफरी
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के पालीखेड़ा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में मंगलवार को एक बोरे में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव खून से लथपथ हालत में मिला। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल थाना हाईवे पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी, थाना हाईवे प्रभारी बैजनाथ सिंह और मंडी चौकी प्रभारी रोहित उज्ज्वल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर और शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।


