गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा सिंह सभा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

गाजियाबाद। धर्म, जाति और अमीरी-गरीबी की दीवारों से ऊपर उठकर एक-दूसरे को गले लगाने और प्रेम-सद्भाव के साथ रहने का संदेश देने वाला गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, समानता और भाईचारे के सूत्र में बांधने का काम कर रही हैं। इसी भावना के साथ रेलवे रोड, बजरिया स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में बड़ी संख्या में संगत ने एकत्र होकर गुरु के दरबार में माथा टेका। यहां हर धर्म और वर्ग के लोगों ने एक साथ बैठकर गुरु वाणी सुनी और लंगर ग्रहण कर आपसी प्रेम और समानता की मिसाल पेश की। गुरुद्वारे में 22 नवंबर को शुरू हुए अखंड पाठ की मंगलवार को विधिवत समाप्ति हुई। अखंड पाठ की सेवा गुरु घर के सेवादार आरपी सिंह के परिवार की ओर से की गई। इसके उपरांत सर्वकल्याण, आपसी प्रेम और विश्व में सुख-शांति के लिए अरदास हुई। संगत के बीच कड़ा प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के हजूरी रागी संत सिंह ने कीर्तन किया। स्त्री सत्संग की ओर से भी गुरु जस गायन किया गया। पंजाब के नाडा साहिब से पहुंचे कीर्तनी अंशदीप सिंह ने अपने जत्थे के साथ गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके जीवन संदेश को कीर्तन के माध्यम से प्रस्तुत किया। दोपहर दो बजे तक चले कीर्तन में श्रद्धालु भाव-विभोर होकर गुरु वाणी से जुड़े रहे। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान इंदरजीत सिंह टीटू ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी दुनिया को प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनका संदेश किसी एक धर्म या जाति तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए है। उन्होंने आडंबर और भेदभाव से दूर रहकर सच्चाई, सेवा और सद्भाव के रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी। आज जरूरत है कि हम उनके बताए मार्ग को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि गुरु का लंगर भी समानता और सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण है। यहां अमीर-गरीब, ऊंच-नीच और जाति-धर्म का कोई भेद नहीं होता। सभी एक पंक्ति में बैठकर लंगर ग्रहण करते हैं। यही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का वास्तविक संदेश है। लंगर की परंपरा सेवा और साझा मानवता की भावना को मजबूत करती है। प्रकाश पर्व पर शहर विधायक संजीव शर्मा, डीआईजी, अपर पुलिस आयुक्त राजकरण नायर, आरटीवी चैनल के मुख्य संपादक प्रवीण अरोड़ा, शिक्षाविद गुलशन भामरी, समाजसेवी अभिषेक गर्ग, प्रेमचंद गुप्ता तथा सिविल डिफेंस से तनुज और गंभीर सहित अनेक लोगों ने गुरुद्वारे में माथा टेका। कार्यक्रम चेयरमैन सरदार हरमीत सिंह की देखरेख में आयोजित हुआ। महामंत्री एसपी सिंह ओबराय ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली, जबकि लंगर की व्यवस्था सचिव कुलविंदर सिंह ओबराय के नेतृत्व में की गई। जसमीत सिंह, अमन, जगमोहन कपूर, हरजिंदर सिंह काकू सहित कमेटी के सदस्यों और सेवादारों ने सेवा में सहयोग दिया। प्रकाश पर्व के अवसर पर शहर के गुरुद्वारों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। रात में भी श्रद्धालुओं के गुरुद्वारों में पहुंचकर मोमबत्तियां जलाने और गुरु के प्रति श्रद्धा प्रकट करने का क्रम जारी रहा।



