पंचायतों के डिजिटल सशक्तीकरण की ओर कदम, सेवापुरी में प्रधानों व पंचायत सहायक को मिला एआई प्रशिक्षण

एआई सचिव जी वेब पोर्टल से शासनादेश,योजनाओं और पंचायत संबंधी कार्यों की जानकारी होगी आसान
(संतोष कुमार सिंह )
वाराणसी :- विकास खण्ड सेवापुरी के ब्लॉक सभागार में ग्राम पंचायतों में डिजिटल तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एआई सचिव जी उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया | कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों,पंचायत सहायकों एवं ग्राम पंचायत सचिवों ने प्रतिभाग कर एआई आधारित तकनीक के उपयोग एवं उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त की | कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी राजेश सिंह ने की पिरामल फाउंडेशन की ओर से कार्यक्रम का संचालन करते हुए सुश्री साक्षी सिंह एवं हरजिंदर सिंह ने एआई सचिव जी वेब पोर्टल की उपयोगिता एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी | उन्होंने बताया कि एआई सचिव जी वेब पोर्टल को मुख्य रूप से ग्राम प्रधानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है |
पोर्टल के माध्यम से पंचायत एवं प्रशासन से जुड़े विभिन्न सवालों के जवाब आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं इसमें लिखित एवं मौखिक,दोनों माध्यमों से प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है | इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी राजेश सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशासनिक कार्यों को सरल, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है उन्होंने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से एआई सचिव जी वेब पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा इसके माध्यम से शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया |
प्रशिक्षण के दौरान पिरामल फाउंडेशन के टीम द्वारा एआई सचिव जी वेब पोर्टल का लाइव प्रदर्शन किया गया | प्रतिभागियों को पोर्टल की कार्यप्रणाली और विभिन्न सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई | बताया गया कि एआई सचिव जी के माध्यम से शासनादेश, सरकारी योजनाओं एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ ग्राम पंचायत से जुड़े अनेक प्रशासनिक कार्यों में त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है वहीं कार्यक्रम के दौरान रूबी जी द्वारा ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सचिवों को पोर्टल का व्यावहारिक उपयोग भी कराया गया। प्रतिभागियों ने स्वयं पोर्टल पर विभिन्न प्रश्न पूछकर इसकी कार्यप्रणाली को समझा और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया | इससे पंचायत स्तर पर दैनिक प्रशासनिक कार्यों में एआई तकनीक के उपयोग की संभावनाओं को समझने में मदद मिली | कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी पंचायत धंनजय कुमार ने पंचायत स्तर पर डिजिटल तकनीक के उपयोग एवं प्रशासनिक कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की |
इस अवसर पर चन्द्रशेखर सिंह ने बताया कि उनकी टीम गांवों में जाकर ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सहायकों को एआई सचिव जी के विषय में जानकारी देगी तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें प्रशिक्षित भी करती रहेगी | कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने एआई सचिव जी को ग्राम पंचायतों के दैनिक कार्यों में उपयोगी डिजिटल साधन बताते हुए इसके नियमित उपयोग में रुचि दिखाई |
कार्यक्रम को सफल बनाने मे पिरामल फाउंडेशन से अवनीश रॉय,रूबी सिंह, गांधी फेलो व करुणा फेलो आदि सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया ||


