‘नहीं रुकेंगे, स्वच्छ करेंगे’ के संकल्प के साथ हिंडन तट पर चला अभियान

गाजियाबाद। नमामि गंगे गंगा विचार मंच, जल शक्ति मंत्रालय के पदाधिकारियों और सदस्यों ने रविवार शाम हरनंदी-हिंडन नदी के तट पर ‘नहीं रुकेंगे, स्वच्छ करेंगेÓ के संकल्प के साथ स्वच्छता जनजागरण अभियान चलाया। शाम छह से सात बजे तक चले अभियान में कार्यकर्ताओं ने नदी तट की सफाई करने के साथ लोगों को हिंडन को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। हरनंदी घाट पर ‘हर रविवार हरनंदी के द्वार’ के संदेश को कार्यरूप देते हुए स्वच्छता अभियान के बाद आरती का आयोजन किया गया। मंच की ओर से प्रत्येक रविवार नदी तट पर स्वच्छता अभियान और आरती आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में छठ घाट पर भी स्वच्छता अभियान और आरती का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान नमामि गंगे के उत्तर प्रदेश मीडिया संयोजक संदीप त्यागी रसम ने मां गंगा की स्वच्छता और संरक्षण से संबंधित सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से नदी और उसके आसपास गंदगी न करने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। अभियान में शहर विधानसभा प्रभारी राकेश गुप्ता, शहर विधानसभा संयोजक गीता त्यागी, सहसंयोजक मनोज कुमार, इंदु राणी त्यागी, मधु त्यागी समेत अन्य कार्यकर्ता और सदस्य मौजूद रहे।

