ग़ाज़ियाबाद

तस्करों ने सजाया शराब का बाजार, आबकारी ने बिछाया जाल-97 पेटी चोरी की शराब बरामद, दो तस्कर दबोचे

गाजियाबाद। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने में आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। आबकारी विभाग की टीम ने मेरठ रोड पर चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब आठ लाख रुपये कीमत की 97 पेटी रॉयल स्टैग शराब बरामद की है। प्रारंभिक जांच में बरामद शराब चोरी की होने का खुलासा हुआ है। जून 2026 में बुलंदशहर के देहात थाना क्षेत्र के ग्राम दोस्तपुर में शराब से भरी गाड़ी पलटने के बाद करीब 574 पेटी शराब गायब हो गई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। गाजियाबाद में पकड़ी गई शराब उसी चोरी की खेप से जुड़ी होने की आशंका है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और तेज कर दिया गया है। आबकारी विभाग की टीमें लगातार संदिग्ध वाहनों, शराब तस्करों और अवैध बिक्री के संभावित ठिकानों पर नजर रख रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल शराब बरामद करना नहीं, बल्कि उसके पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क तक पहुंचना है। इसी रणनीति के तहत टीम ने तस्करों को पकडऩे के बाद उनकी निशानदेही पर छिपाकर रखी गई शराब भी बरामद की। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि त्योहारों से पहले शराब तस्करों ने भले ही अवैध शराब को जमा कर खपाने की तैयारी शुरू कर दी हो, लेकिन विभाग ने भी उनके मंसूबों पर पानी फेरने के लिए अपनी रणनीति तैयार कर ली है। विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं और मुखबिर तंत्र को भी मजबूत किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और भंडारण के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बरामद शराब के स्रोत का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है। विभाग की जांच का अगला निशाना अब वह नेटवर्क है, जिसके जरिए चोरी की शराब गाजियाबाद तक पहुंची।
बुधवार दोपहर आबकारी निरीक्षक चन्द्रजीत सिंह और अनुज वर्मा की संयुक्त टीम मेरठ रोड पर मुखबिर की सूचना के आधार पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में रोकने का प्रयास किया गया। टीम को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन आबकारी टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर स्कूटी से चार पेटी रॉयल स्टैग शराब बरामद हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शराब की अन्य पेटियां मुरादनगर क्षेत्र में एक स्थान पर छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद आबकारी निरीक्षकों ने तत्काल अतिरिक्त टीम को मौके पर बुलाया। आबकारी निरीक्षक मनोज शर्मा, चमन सिंह, कीर्ति सिंह, अखिलेश कुमार और दिनेश सिंह की संयुक्त टीम आरोपियों को साथ लेकर ग्राम जलालपुर, मुरादनगर पहुंची। वहां बताए गए ठिकाने की तलाशी लेने पर 93 पेटी रॉयल स्टैग शराब और बरामद हुई। इस तरह कुल 97 पेटी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परशु पुत्र दिनेश और दिनेश पुत्र हुकुम सिंह निवासी मयूर विहार फेस-3, नई दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ में सामने आया कि वे शराब को कम कीमत में खरीदकर मांग के अनुसार आगे सप्लाई करते थे। खास तौर पर सड़क किनारे संचालित ढाबों और अन्य शराब तस्करों को सस्ते दामों पर शराब बेचने की तैयारी थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करीब 100 पेटी शराब आधी कीमत में खरीदी थी। योजना थी कि कुछ शराब अभी मांग के अनुसार ढाबों और अन्य तस्करों को बेच दी जाए, जबकि बड़ी मात्रा को आगामी त्योहार और चुनाव के दौरान अधिक मांग होने पर खपाया जाए। आबकारी विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि चोरी की शराब आरोपियों तक किस माध्यम से पहुंची और इसे किस व्यक्ति से खरीदा गया था। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने कहा कि त्योहारों के दौरान शराब की मांग बढऩे का फायदा उठाकर अवैध शराब की बिक्री करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग ने जिले में निगरानी तंत्र को मजबूत किया है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button