डेंगू से बचाव को जागरूकता रैली से अभियान का आगाज

गाजियाबाद। संचारी रोगों और दिमागी बुखार से बचाव के लिए जिले में गुरुवार से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। संयुक्त जिला चिकित्सालय, संजय नगर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूली बच्चों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, विभिन्न विभागों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर लोगों को संचारी रोगों, विशेषकर डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया। शासन के निर्देशों के तहत एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा, जबकि 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान संचालित होगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के साथ विभिन्न विभागों की टीमें भी लोगों को बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगी। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे संयुक्त जिला चिकित्सालय से निकली जागरूकता रैली में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने रैली में शामिल स्कूली बच्चों और विभिन्न संस्थाओं से आए प्रतिनिधियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। जागरूकता रैली में नगर निगम की करीब 100 छोटी-बड़ी फॉगिंग मशीनों, 10 स्प्रीकलर और पांच पावर स्प्रेयर मशीनों ने भी प्रतिभाग किया। इसके माध्यम से लोगों को मच्छरजनित रोगों से बचाव और मच्छरों के प्रभावी नियंत्रण का संदेश दिया गया। रैली के दौरान लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने और मच्छरों की रोकथाम के लिए जरूरी सावधानी बरतने की अपील की गई। जिला मलेरिया अधिकारी जीके मिश्रा ने रैली में मौजूद प्रतिभागियों से संचारी रोगों, विशेषकर डेंगू से बचाव के लिए क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने में सहयोग करें। रैली में सिविल डिफेंस के कैडेट्स, पशुपालन विभाग, आईसीडीएस, पीएससी, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, संतोष मेडिकल कॉलेज, एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज, शंभू दयाल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ साथी फाउंडेशन और स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े लोगों ने भी भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शिवी अग्रवाल और सहायक मलेरिया अधिकारी नरेंद्र कुमार सहित डब्ल्यूएचओ, एनसीडी विंग, मलेरिया विभाग और आईडीएसपी यूनिट के कर्मचारियों ने अभियान में सहभागिता की। जिला एमएमजी चिकित्सालय और संयुक्त जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों के साथ दोनों अस्पतालों के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने भी रैली में भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों और आमजन की सहभागिता जरूरी है। अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करने के साथ मच्छर नियंत्रण और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जाएगा।



