शहर-राज्य

डीएम और एसएसपी ने हरियाली तीज तथा श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक 

मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस, हरियाली तीज तथा श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

        बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए तथा मार्गों की मरम्मत की जाए। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुना जी के बढ़ते जल स्तर के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए तथा डेंजर लेवल पर लाल झंडी/मार्किंग की जाए। उन्होंने नगर निगम, पुलिस, सिंचाई तथा संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि नाव संचालकों के साथ बैठक करे तथा सभी सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराये।

   स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पर्वों (हरियाली तीज एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी) पर अस्पतालों की मैपिंग, चिकित्सकों की उपस्थिति, प्राइवेट अस्पतालों में बेड़ो को आरक्षित, पर्याप्त स्वास्थ्य शिविर/कैंप, नियमित दूरी पर एम्बुलेंस आदि के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने घाटों के निकट भी स्वास्थ्य कैंप लगाने के निर्देश दिए।

    विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें, खुले विद्युत बॉक्स को बंद करे, ट्रांसफार्मर की फेंसिंग करे, खंभों की प्लास्टिक रैपिंग करें तथा लटके तारों को एकत्रित करें। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने स्वतंत्रता दिवस, हरियाली तीज एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर उत्कृष्ट साज-सज्जा, लाइटिंग, सेल्फी प्वाइंट, प्रकाश व्यवस्था आदि करने के हेतु नगर निगम, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि प्रमुख मार्गों, चौराहों, मंदिरों, पार्कों, स्थानों आदि को सजाया जाए। उन्होंने कहा कि पर्व को भव्य और दिव्य बनाना हम सभी की जिम्मेदारी हैं।

             वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने एसपी यातायात को निर्देश दिए कि पार्किंग का चिन्हांकन करे, डाइवर्जन प्लान का पूर्व में अधिकाधिक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं हरियाली तीज पर्व के अवसर पर पर्याप्त बैरियर एवं बैरिकेडिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को पीस कमिटी की बैठक करने के निर्देश दिए। उन्हाेंने निर्देश दिए कि प्रमुख मंदिर के प्रबन्धकों के साथ बैठक करे तथा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। 

     जिलाधिकारी  ने नगर निगम, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा सभी अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि उत्कृष्ट साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करे। जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देशित किया कि घाटों के आस-पास बैरिकेडिंग एवं गोता-खोरो की तैनाती सुनिश्चित करें। घाटों के आस-पास साज सज्जा, फसाद लाइटिंग एवं तिरंगा लाइटिंग सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने पर्याप्त पेयजल एवं पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने खोया-पाया केंद्र, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, निरंतर पी0ए0 सिस्टम से अनाउंसमेंट, जूता-घर, दिशा सूचना चिन्ह लगाने आदि के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि आवारा पशुओं को पकड़ा जाए तथा निराश्रित गोवंशों को गौशालाओं में संरक्षित किया जाए।

            बैठक में नगर आयुक्त ओजस्वी राज, मुख्य विकास अधिकारी डॉ पूजा गुप्ता, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, डीएफओ वेंकट श्रीकर पटेल, क्षेत्राधिकारी नगर आशना चौधरी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्या, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सचिव मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण आशीष कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे सहित समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button