ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत नशा मुक्ति जागरुकता अभियान का सफल आयोजन

अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। दयावती मोदी पब्लिक स्कूल, मोदीनगर में “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत एक अत्यंत प्रभावशाली एवं प्रेरणादायक नशा मुक्ति जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुरेंद्र कुमार तिवारी (डी.सी.पी ग्रामीण, गाजियाबाद), भास्कर वर्मा (ए.सी.पी. मोदीनगर), आनन्द प्रकाश मिश्रा (एस.एच.ओ. मोदीनगर) तथा “ऑपरेशन प्रहार” के संचालक विकास (उप-निरीक्षक) विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य वी. के. राणा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्या डॉ. गुरमीत गुप्ता, विंग प्रभारी डॉ. रश्मि तेवतिया, श्रीमति रिया भदवार, रोहित शर्मा एवं समस्त शिक्षकगण एवं छात्र, छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का प्रारंभ उप-निरीक्षक विकास के ओजस्वी एवं प्रेरणादायक वक्तव्य से हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत मुख्यतः दो गंभीर समस्याओं-नशा एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से सावधान करते हुए एक अनुशासित एवं जागरुक जीवन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत दिव्य शिव स्तोत्र से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिकता और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने कार्यक्रम को अत्यंत सजीव एवं प्रभावशाली बना दिया। नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। तत्पश्चात एक ज्ञानवर्धक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसमें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को स्पष्ट रूप से दर्शाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य वी. के. राणा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण स्वस्थ एवं जागरुक युवा पीढ़ी से ही संभव है। अंत में मुख्य अतिथि डी सी पी सुरेंद्र कुमार तिवारी ने “ऑपरेशन प्रहार” की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नशा न करने एवं नशा छोड़ने की सामूहिक शपथ दिलाई एवं विद्यार्थियों के जिज्ञासा पूर्ण प्रश्नों के उत्तर देकर उन्हें सन्तुष्ट किया जिससे कार्यक्रम का समापन एक सशक्त एवं सकारात्मक संदेश के साथ हुआ। इसके उपरान्त उप-प्रधानाचार्या डॉ. गुरमीत गुप्ता जी ने सभी अतिथियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य व उप-प्रधानाचार्या ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उन्हें स्मृति-चिह्न एवं शॉल भेंट स्वरूप देकर सम्मानित किया। निःसंदेह, यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक, जागरुकता-वर्धक एवं समाजोपयोगी सिद्ध हुआ।



