गेहूं की उपज का आंकलन: चंदोई में क्रॉप कटिंग का निरीक्षण

ब्यूरो चीफ लुकमान खान) दैनिक वेलकम इंडिया
पीलीभीत, 10 अप्रैल।
जिले में गेहूं की फसल की उत्पादकता का सटीक आकलन करने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने विकासखंड मरौरी के ग्राम चंदोई में क्रॉप कटिंग कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्धारित मानकों के अनुसार खेत में प्लॉट बनाकर फसल की कटाई कराई गई और उपज का आंकलन किया गया।
कृषक राजा तोमर व सुभाष चन्द्र के खेत में 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्र में क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से पूरी प्रक्रिया की ऑनलाइन फीडिंग भी की गई। कटाई के बाद गेहूं की पिटाई और तौल में क्रमशः 18.160 किलोग्राम व 15.230 किलोग्राम उत्पादन दर्ज किया गया।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूरी प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से कहा कि वे फॉर्मर रजिस्ट्री, फसल बीमा और किसान पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी व ग्रामीण भी उपस्थित रहे।



