शहर-राज्य

उपजिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह ने किया गोवर्धन क्षेत्र की सभी गौशालाओं का निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

मथुरा/गोवर्धन। शासन के निर्देशों के क्रम में गोवर्धन क्षेत्र की सभी गौशालाओं का बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गौवंश के रखरखाव, चारा-पानी, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया गया। एसडीएम सुशील कुमार सिंह ने पैठा एवं सौख गौशालाओं का निरीक्षण किया। वहीं न्यायिक एसडीएम संजय सिंह ने यमुनावता और बोरपा गौशालाओं का निरीक्षण किया। तहसीलदार ब्रजेश कुमार ने भरना कला और सहार गौशालाओं का जायजा लिया। इसके अलावा अन्य अधिकारियों ने भी गोवर्धन क्षेत्र की शेष गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकांश गौशालाओं में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि कुछ स्थानों पर अत्यधिक कीचड़ की समस्या पाई गई। अधिकारियों ने संबंधित गौशाला संचालकों को तत्काल कीचड़ हटवाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा गौवंश के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पशुओं को समय पर पर्याप्त चारा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। एसडीएम सुशील कुमार सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गौवंश संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा, “गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कराया जा रहा है ताकि व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। जहां भी कोई कमी मिल रही है, उसे तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं। गौवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी गौशालाओं में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएंगी।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button