शहर-राज्य

इमामाबाद को मिली बड़ी सौगात, श्मशान घाट मार्ग हुआ पक्का

ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख संगीता सिंह और मनोज प्रधान के कार्य को सराहा

खानपुर :- ग्राम इमामाबाद के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। गांव से श्मशान घाट तक जाने वाले मार्ग पर खड़ंजा निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से खराब पड़े इस मार्ग के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब मार्ग के पक्का हो जाने से स्थिति पूरी तरह बदल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग गांव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण था, क्योंकि इसी रास्ते से होकर लोग श्मशान घाट तक पहुंचते हैं। बरसात के मौसम में मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो जाती थी और कई बार लोगों को कठिन परिस्थितियों में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी। ऐसे में इस मार्ग का निर्माण गांव की प्रमुख आवश्यकताओं में शामिल था।
क्षेत्र पंचायत सदस्य अमित कुमार द्वारा ग्रामीणों की मांग को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद ब्लॉक प्रमुख श्रीमती संगीता सिंह एवं उनके प्रतिनिधि मनोज प्रधान ने इस कार्य को स्वीकृति दिलाकर निर्माण कार्य शुरू कराया। अब कार्य पूरा होने के बाद बीडीसी अमित कुमार ने दोनों जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
डा राजकुमार, टुक्की सिंह, बालकिशन, यादराम, रवि कुमार आदि ग्रामीणों ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख संगीता सिंह ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है और इमामाबाद में श्मशान घाट मार्ग का निर्माण इसका एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। वहीं मनोज प्रधान ने भी लगातार निगरानी रखते हुए कार्य को समय पर पूरा कराने में अहम भूमिका निभाई।
वहीं छतरपाल भगतजी का कहना है कि वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान होने से ग्रामीणों में संतोष है। अब श्मशान घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और लोगों को हर मौसम में बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
ग्राम प्रधान रॉयल कुमार ने ब्लॉक प्रमुख श्रीमती संगीता सिंह और प्रतिनिधि मनोज प्रधान का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्य ही जनप्रतिनिधियों की पहचान होते हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र में इसी प्रकार विकास कार्यों की गति बनी रहेगी और गांव की अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button